home page

रांची-टाटा मार्ग पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का कारकेड दुर्घटनाग्रस्त, सभी सुरक्षित

 | 
रांची-टाटा मार्ग पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का कारकेड दुर्घटनाग्रस्त, सभी सुरक्षित


सरायकेला, 06 नवंबर (हि.स.)।

रांची-टाटा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर शाम पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का कारकेड सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। यह हादसा सरायकेला जिला के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत चावली बासा के पास हुआ।

गनीमत रही कि इस दुर्घटना में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उनके सुरक्षा दस्ते के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, अचानक हुए इस हादसे में कारकेड में शामिल जैमर वाहन सर्वाधिक चोटग्रस्त और क्षतिग्रस्त हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री रांची से जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान काफिले के बीच एक कार के अचानक आ जाने से यह स्थिति बनी और ये हादसा हुआ।

इस घटना के संबंध में जानकारी देते हुए चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का काफिला जमशेदपुर लौट रहा था। इसी दौरान कारकेड में एक स्विफ्ट गाड़ी अचानक घुस गई। स्विफ्ट गाड़ी के अचानक धीमा होने पर काफिले में चल रहे सभी वाहनों को एक के बाद एक आपातकालीन ब्रेक लगाना पड़ा, जिसके चलते वाहन आपस में टकरा गए और यह दुर्घटना हुई।

काफिले की गाड़ियों की ओर से अचानक ब्रेक लगाए जाने के क्रम में पीछे चल रहा सुरक्षा दस्ता और जैमर वाहन आगे की गाड़ी से जा टकराया, जिससे जैमर वाहन को नुकसान पहुंचा। इस हादसे के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों ने स्थिति को संभाला। राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई और पूर्व मुख्यमंत्री अपनी सुरक्षा टीम के साथ सुरक्षित जमशेदपुर के लिए रवाना हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे