खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 44 प्रतिष्ठानों की हुई जांच
देवघर, 22 अगस्त (हि.स.)। उपायुक्त के निर्देश पर गठित खाद्य सुरक्षा टीमों द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच को लेकर सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत भुरभुरा मोड़, नंदन पहाड़, हदहदिया पुल और बरमसिया क्षेत्र स्थित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, मिष्ठान भंडार एवं किराना दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दिनेश नाश्ता दुकान, चरपाई रेस्टोरेंट, जीविका फास्ट फूड एंड चाट, बनारसी चाट भंडार, दीपक स्टोर, मां लक्ष्मी मिष्ठान भंडार, शिव मिष्ठान भंडार, गोरे लाल यादव पेड़ा, संजीव स्वीट, पंकज होटल, पंकज नाश्ता दुकान, अर्जुन नाश्ता, बिनय अग्रवाल एवं प्रतीक ट्रेडर सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 44 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस क्रम में विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 47 नमूनों की प्राथमिक स्तर पर जांच की गई, जिनमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। टीम की ओर से हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, खोया, पनीर, पेड़ा, लड्डू, रसगुल्ला, चटनी और पके हुए भोजन जैसे दाल, सब्जी, चोखा और ग्रेवी में अखाद्य रंग एवं स्टार्च की संभावित मिलावट की जांच की गई।
वहीं, इलायची दाना का एक नमूना विस्तृत जांच के लिए संग्रहित कर राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा गया है। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने एवं निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

