home page

खाद्य विभाग ने कई होटल और ढाबाें से एक्सपायरी खाद्य सामग्री किया बरामद

 | 
खाद्य विभाग ने कई होटल और ढाबाें से एक्सपायरी खाद्य सामग्री किया बरामद


देवघर, 14 मई (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार कार्रवाई से देवघर के होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया है। विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। छापेमारी के दौरान कई प्रतिष्ठानों से दूषित आटा, जला हुआ तेल और एक्सपायरी खाद्य सामग्री बरामद की गई।

भुरभुरा मोड़ स्थित एक रेस्टोरेंट से 15 किलो मिलावटी पनीर जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं ओला आइस क्रीम के एक प्रतिष्ठान से एक्सपायरी उत्पाद पाए गए। जांच के दौरान कई होटल और खाद्य प्रतिष्ठान बिना वैध भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) लाइसेंस के संचालित होते मिले। ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नोटिस जारी करने, जुर्माना लगाने और लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ-सफाई और खाद्य मानकों का पालन नहीं करने वाले संचालकों को सख्त चेतावनी दी है।

विभाग का कहना है कि भविष्य में भी इस प्रकार की जांच लगातार जारी रहेगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि देवघर एक प्रमुख तीर्थस्थल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यहां के होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य सामग्री विक्रेताओं की जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का उपयोग करें। उन्होंने बताया कि आगामी श्रावणी मेला को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

मेले में इस वर्ष भी अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

राजेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति के स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ करने का अधिकार किसी को नहीं है। सभी खाद्य व्यवसायी समय रहते सचेत हो जाएं, अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं हाइजीन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्रवाई निश्चित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy