home page

मातृ और शिशु मृत्यु दर कम करना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता : शशिप्रकाश

 | 
मातृ और शिशु मृत्यु दर कम करना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता : शशिप्रकाश


रांची, 03 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को रांची में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हुई।

मैटरनल, पेरीनेटल एंड चाइल्ड डेथ सर्विलांस एंड रिस्पांस (एमपीसीडीएसआर) विषय पर आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर निदेशक ने कहा कि मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी लाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए मृत्यु के मामलों का सही पंजीकरण, समय पर रिपोर्टिंग और डेटा की गुणवत्ता सुनिश्चित करना जरूरी है। शशि प्रकाश झा ने कहा कि एसआरएस रिपोर्टिंग और डेटाबेस में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं को प्रसव पीड़ा या आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता और एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाए।

गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं की पहचान कर उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार दिलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता, नियमित प्रसव पूर्व जांच और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की अपील की।

कार्यशाला में यूनिसेफ की डॉ कनिका मित्रा, डॉ अश्विनी, डॉ विजय किशोर रजक सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar