मोहर्रम को लेकर निकला फ्लैग मार्च, डीसी-एसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान
रामगढ़, 25 जून (हि.स.)। जिले में मोहर्रम का त्यौहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में बने, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रामगढ़ डीसी ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने विधि व्यवस्था और सुरक्षा की कमान संभाली है। उन दोनों के नेतृत्व में गुरुवार की शाम जिले के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च के दौरान संवेदनशील इलाकों से पुलिस गुजरी। साथ ही त्योहार के दौरान कोई भी उपद्रव नहीं करने का निर्देश दिया।
डीसी ऋतुराज ने त्योहार के मद्देनजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर बैठक की। इस दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
डीसी ऋतुराज ने संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। जुलूस मार्ग का निरीक्षण करने, किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्कल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया। बैठक में एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने सभी पुलिस पदाधिकारी को पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि सभी जुलूस मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाए। निर्धारित मार्ग से होकर ही जुलूस गुजरेगा। असामाजिक तत्व एवं अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस लगातार मॉनिटरिंग करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

