अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
रांची, 28 सितंबर (हि.स.)। रांची पुलिस ने रेलवे स्टेशन से बच्चा अपहरण मामले में अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का खुलासा किया है। रांची पुलिस की एसआईटी ने अपहृत चार वर्षीय बालक विवान कुमार को साहेबगंज से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन सहित पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है। पकड़े गए अपराधियों के पास से पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इस मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि बीते 24 सितंबर 2026 को रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से विवान कुमार का अपहरण कर लिया गया था। इस संबंध में चुटिया थाने में कांड संख्या-138/26 (धारा 137(2) बीएनएस) दर्ज की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एक एसआईटी का गठन किया गया। टेक्निकल सेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एसआईटी ने 27 सितंबर को धनबाद रेलवे स्टेशन से संदिग्ध रोहित मुखर्जी को धनबाद पुलिस और आरपीएफ के सहयोग से हिरासत में लिया। पूछताछ में रोहित ने अपना गुनाह कबूल किया और अपने सहयोगियों कयूम अंसारी, बिट्टू कुमार सिंह, छोटू कुमार और जमादार शेख के नाम बताए। इसके बाद रोहित की निशानदेही पर साहेबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ स्थित बिट्टू के नानी घर पर छापेमारी कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस अनुसंधान में इस गिरोह के एक बेहद चौंकाने वाले तौर-तरीके का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह का मुख्य सरगना रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन चोरी के मामलों में जेल गए बच्चों को जमानत दिलाने में मदद करता था। इसके बाद वह इन लावारिस और असहाय बच्चों को अपने गिरोह में शामिल कर लेता था। इन बच्चों से देश के अलग-अलग शहरों के भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करवाई जाती थी। चोरी के इन मोबाइलों को अवैध रूप से बांग्लादेश भेजकर खपाया जाता था। पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और बांग्लादेशी कनेक्शन को लेकर आगे की जांच और सघन पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

