home page

बिना सूचना मुख्यालय छोड़ने पर जैप-आइआरबी के पांच कमांडेंट से जवाब तलब

 | 
बिना सूचना मुख्यालय छोड़ने पर जैप-आइआरबी के पांच कमांडेंट से जवाब तलब


रांची,29 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों को बिना जानकारी दिए मुख्यालय छोड़ने पर जैप, आइआरबी और एसआईआरबी के पांच कमांडेंट से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यह कार्रवाई जैप के डीआईजी एस. कार्तिक की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। मुख्यालय आईजी ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

पुलिस मुख्यालय से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार जिन अधिकारियों से जवाब मांगा गया है, उनमें जैप-5, जैप-8, जैप-9, आईआरबी-9 और एसआईआरबी-2 के कमांडेंट शामिल हैं। सभी से पूछा गया है कि उन्होंने किन परिस्थितियों में अपने-अपने वाहिनी मुख्यालय को छोड़ा।

पुलिस मुख्यालय को दो दिन पहले सूचना मिली थी कि कुछ जिलों के एसपी और जैप-आईआरबी के कमांडेंट बिना अनुमति रांची या अन्य जिलों में चले जाते हैं। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया। इसके बाद डीआईजी जैप ने संबंधित अधिकारियों से लाइव लोकेशन मांगी थी। लोकेशन मिलने के बाद उन्होंने अपनी रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी, जिसके आधार पर बाहर पाए गए अधिकारियों से अब स्पष्टीकरण मांगा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे