home page

ब्राउन शुगर के साथ पांच गिरफ्तार

 | 
ब्राउन शुगर के साथ पांच गिरफ्तार


लातेहार, 28 मई (हि.स.)। जिले में बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मोंगर मोड़ के पास छापेमारी कर 29 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ पांच युवकों को गिरफ्तार किया। वहीं गिरफ्तार आरोपिताें में एक विधि विरुद्ध बालक भी शामिल है। पुलिस ने मौके से दो पल्सर मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, नकद 14,140 रुपये तथा सात मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

डीएसपी संदीप कुमार गुप्ता ने गुरुवार को प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के रिचूघटा की ओर से कुछ युवक ब्राउन शुगर खरीदकर मोटरसाइकिल और स्कूटी से मोंगर मोड़ होते हुए लातेहार शहर की ओर आने वाले हैं। सूचना के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक तैयारी कर मोंगर मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान दो बाइक और एक स्कूटी पर सवार छह युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में सभी के पास से पुड़िया में ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आराेपिताें में सोनू सिंह उर्फ भगत , रितेश सिंह, छतीस सिंह , तबासीर खान और फैजान खान शामिल हैं। एक अन्य नाबालिग आरोपित काे निरुद्ध किया गया है। सभी आरोपित लातेहार के ही रहने वाले हैं। आरोपिताें के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार