home page

एमएलए महिला कालेज में मना अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह

 | 

लोहरदगा,20 अप्रैल (हि.स.)।

फायर ब्रिगेड लोहरदगा ने अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के तहत सोमवार को एमएलए महिला कालेज और शहर के प्राइवेट अस्पतालों में फायर सेफ्टी पर मॉक ड्रिल किया।

कालेज की छात्राओं को आग लगने की परिस्थितियों, एहतियात, सुरक्षा और आग से निबटने की तरकीबों को प्रदर्शित कर विस्तार से समझाया।

फायर आफिसर रामाधार मुंडा और अग्निक गोपी यादव ने छात्राओं को बताया कि 14 अप्रैल, 1944 को मुंबई बंदरगाह पर हुए भयानक अग्निकांड में शहीद हुए फायर ब्रिगेड कर्मियों की याद में इस सप्ताह का आयोजन होता है।

इस दौरान मॉक ड्रिल और अन्य कार्यक्रमों के जरिए आग से सुरक्षा उपायों का प्रदर्शन किया जाता है।

छात्राओं को बताया कि आग लगने के कारणों और उसे बुझाने के तरीके परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग होते हैं। आग लगने पर घबराने के बजाय संयम और सूझबूझ से काम लेना आवश्यक है। अग्निशामक यंत्र के उपयोग के तरीके बताए गए। आग में फंस जाने पर सुरक्षित निकलने के लिए अफरा-तफरी के बजाय घुटने के बल रेंगकर निकलने से धुएं में दम घुटने, बेहोश होने की संभावना कम रहती है। रसोई में अतिरिक्त भरा हुआ गैस सिलेंडर और बिजली उपकरणों के पास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने का सुझाव दिया।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि देश में हर साल औसतन डेढ़ लाख से ज्यादा आग लगने की घटनाएं होती हैं और औसतन हर साल 27 हजार लोग इसमें जान गंवाते हैं। इसलिए आग से बचने के लिए सतर्कता, सुरक्षा और जागरूकता जरूरी है।

कार्यक्रमों में शिक्षक, छात्राएं, मेडिकल कर्मी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर