home page

एएसआई की मौत के मामले में बाइक सवार पर प्राथमिकी दर्ज

 | 
एएसआई की मौत के मामले में बाइक सवार पर प्राथमिकी दर्ज


रामगढ़, 02 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सुरक्षा में तैनात एएसआई बैजनाथ प्रजापति की मौत के मामले में बाइक सवार विकास कुमार महतो पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोमवार को यह प्राथमिकी मृतक एएसआई के पुत्र धर्मेंद्र कुमार ने रामगढ़ थाने में दर्ज कराई है। धर्मेंद्र ने बताया कि उनके पिता चाईबासा जिला बल में कार्यरत थे और मुख्यमंत्री के नेमरा गांव में रहने के दौरान विधि व्यवस्था संधारण के लिए ड्यूटी पर तैनात थे।

ड्यूटी से घर लौट के दौरान 17 अक्टूबर की रात रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोठार ओवरब्रिज के पास होंडा लीवो बाइक ( जेएच 24 एन 1465) के चालक की ओर से तेजी और लापरवाही से गाड़ी चलाने के दौरान उनके पिता को धक्का मार दिया गया। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बैजनाथ प्रजापति का प्राथमिक उपचार सदर अस्पताल रामगढ़ में कराया गया।

बाद में मेदांता ओरमांझी में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। धर्मेंद्र ने बताया कि बाइक चालक ने काफी लापरवाही बरती है। रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र पांडे ने बताया कि बाइक सवार की पहचान मांडू थाना क्षेत्र के लियो गांव निवासी गणेश महतो के 30 वर्षीय पुत्र विकास कुमार महतो के रूप में हुई है। विकास ने नेमार ड्यूटी से वापस लौट रहे सहायक अवर निरीक्षक बैजनाथ प्रजापति को कोठार ओवरब्रिज के पास धक्का मार दिया था। इस मामले में बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश