home page

कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज

 | 
कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज


रांची, 13 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में एक नाबालिग आदिवासी किशोरी के साथ कथित यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। सिमडेगा की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। किशोरी के आवेदन के आधार पर रांची के विधानसभा थाना में विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस पूरे मामले में दो महिलाओं की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, जिन पर किशोरी को बहला-फुसलाकर विधायक आवास तक लाने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता रांची के धुर्वा थाना पहुंचे, जिससे थाने में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

पुलिस को दिए लिखित आवेदन में पीड़िता ने बताया कि मई 2026 में एमा बड़ा और जोसिमा खाखा नाम की दो महिलाएं उसे पढ़ाई कराने और स्कूल में नामांकन दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ ले गई थीं। पहले उसे सिमडेगा स्थित विधायक आवास ले जाया गया और बाद में रांची लाया गया। किशोरी का आरोप है कि वहां उससे पढ़ाई कराने के बजाय घरेलू काम कराया जाने लगा. काम में जरा सी गलती या देरी होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी, गालियां दी जाती थीं और ठीक से खाना भी नहीं दिया जाता था। किशोरी के अनुसार, दोनों स्थानों पर उसके साथ लगातार दुर्व्यवहार होता रहा और विरोध करने पर डराया जाता था। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 5 अगस्त 2026 को रांची स्थित विधायक आवास संख्या-12 में दोपहर के समय विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने के बावजूद उसका मुंह बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारकर फेंकवा देने की धमकी दी गई थी। भयभीत किशोरी अगले दिन किसी तरह वहां से निकलकर अपने गांव सिमडेगा पहुंची। घर लौटने के बाद शारीरिक प्रताड़ना के कारण उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।

हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि किशोरी को स्कूल में पढ़ाई और नामांकन कराने का भरोसा देकर रांची लाया गया था, जिसके बाद वह संबंधित आवास में रह रही थी। इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म की घटना होने का आरोप लगाया गया है। विधानसभा थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से अनुसंधान कर रही है और पीड़िता की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

विधायक भूषण बाड़ा मामले में नाबालिग की दादी ने दर्ज करायी प्राथमिकी, गलत गवाही दिलवाने का आरोप

कांग्रेस के विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। जिस नाबालिग ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है, उसकी दादी ने सिमडेगा के पकड़टांड़ थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराया है। इसमें उनकी पोती का अपहरण करने और बहला-फुसला कर गलत बयान दिलाने का आरोप लगाया गया है।

प्राथमिकी में दिलीप तिर्की नामक व्यक्ति समेत दो लोगों पर बच्ची को बहला-फुसलाकर गलत बयान देने और विधायक भूषण बाड़ा को बदनाम करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे