धनबाद के डीएसई का शिक्षक प्रतिनिधियों पर मुकदमा करना निंदनीय : संघ
रांची, 14 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने धनबाद की डीएसई शालिनी डुंगडुंग की ओर से जिले के दो शिक्षक और अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ धनबाद जिला इकाई के अध्यक्ष सुनील भगत एवं महासचिव सियाराम प्रसाद सिंह के खिलाफ मुकदमा दायर करने की निंदा की है। इस संबंध में संघ के मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने कहा कि डीएसई की ओर से आरोप लगाया गया है कि संघ के दोनों प्रतिनिधियों ने उनके साथ गलत व्यवहार किया और धमकी दी।
साथ ही उनकी गाड़ी को रोक कर क्षति पहुंचाने का प्रयास किया। नसीम अहमद ने कहा कि संघ घटना की कड़ी निंदा करत है। साथ ही डीएसई की ओर से लगाए गए आरोप को गलत और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने कहा कि डीएसई का यह रवैया अफसरशाही का बोध करता है जो खेदजनक है। नसीम अहमद ने कहा कि संघ के प्रतिनिधियों को शिक्षकों की समस्याओं का निदान कराने के लिए डीएसई कार्यालय जाना पडता है। ऐसे में इस तरह का आरोप लगाकर मुकदमा दायर करना किसी भी मायने में न्यायसंगत नहीं है। इससे शिक्षा अधिकारी और शिक्षक सहित शैक्षणिक माहौल पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
घटना की निन्दा करनेवालों में संघ के अनूप केशरी, राममूर्ति ठाकुर, बाल्मीकि कुमार, हरेकृष्णा चौधरी, दीपक दत्ता, अनिल कुमार, राकेश कुमार, अजय ज्ञानी, प्रभात कुमार सहित अन्य का नाम शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

