राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी लोकतंत्र की आवाज दबाने की साजिश : कमलेश
रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विरुद्ध उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी के विरोध में सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से अलबर्ट एक्का चौक तक विरोध जुलूस निकाला गया। जुलूस में कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए एवं केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।
मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी भाजपा की राजनीतिक बौखलाहट और लोकतंत्र की आवाज को दबाने की साजिश का परिणाम है। राहुल गांधी लगातार गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े, वंचित और आम जनता के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं। इसलिए भाजपा सरकार उन्हें निशाना बनाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए कोई अलग कानून नहीं
कमलेश ने कहा कि भाजपा यह भ्रम न पाले कि प्राथमिकी और सरकारी दबाव के जरिए राहुल गांधी की आवाज को दबा देगी। राहुल गांधी अकेले नहीं हैं, उनके साथ देश के किसान, युवा, छात्र, आम जनता और करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता खड़े हैं।
वहीं झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी डॉ सिरिवेल्ला प्रसाद ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज से डर गई है। जब जनता के सवालों का जवाब देने में सरकार विफल होती है, तब जांच एजेंसियों, पुलिस और मुकदमों का सहारा लेकर विपक्ष को डराने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कांग्रेस पार्टी डरने और झुकने वाली नहीं है। कार्यक्रम को
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, सांसद सुखदेव भगत और विधायक राजेश कच्छप ने भी संबोधित किया।
विरोध प्रदर्शन में विधायक डॉ रामेश्वर उरांव, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, राजेश गुप्ता छोटू, रवीन्द्र सिंह, राकेश सिन्हा, सुरेन्द्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला, आलोक दूबे, विनय सिन्हा दीपू, सोनाल शांति, राजन वर्मा, उज्ज्वल तिवारी, नवीन सिंह, दुर्गा देवी सहित अन्य शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

