झारखंड विधानसभा में वित्त मंत्री ने 1,58,560 करोड़ रुपये का बजट किया पेश
रांची, 24 फरवरी (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन मंगलवार को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1 लाख 58 हजार 560 करोड़ रुपये का बजट पेश किया।
वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में राज्य के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और ग्रामीण विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य की आर्थिक मजबूती, सामाजिक समावेशन और युवाओं के लिए रोजगार सृजन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
बजट में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति कल्याण तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रावधान किए गए हैं। साथ ही औद्योगिक विकास को गति देने और निवेश आकर्षित करने के लिए भी कई घोषणाएं की गईं।
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति प्रतिबद्ध है। बजट पेश होने के बाद सदन में इस पर चर्चा की प्रक्रिया शुरू होगी।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

