home page

ट्रेजरी से फर्जी वेतन निकासी मामले में वित्त मंत्री ने दिए पूरे राज्य में जांच के आदेश

 | 
ट्रेजरी से फर्जी वेतन निकासी मामले में वित्त मंत्री ने दिए पूरे राज्य में जांच के आदेश


रांची, 10 अप्रैल (हि.स.)।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पूरे राज्य में फर्जी वेतन निकासी के मामले की जांच का आदेश दिया है। साथ ही गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिख कर इस बात की समीक्षा करने का निर्देश दिया है कि किस किस जिले में लेखापाल और बिल क्लर्क लंबे समय से कार्यरत हैं।

वित्त मंत्री ने फर्जी निकासी के मामले में वित्त सचिव को पत्र लिख कर पूरे राज्य में वेतन मद मे हुई निकासी की जांच कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि प्रधान महालेखाकार की ओर से दी गयी सूचना के आलोक में शुरु हुई जांच के दौरान बोकारो और हजारीबाग ट्रेजरी से फर्जी वेतन निकासी की पुष्टि हुई है।

पलामू से भी फर्जी निकासी की सूचना है। इस मामले में उपायुक्त को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। उपायुक्त की रिपोर्ट मिलने के बाद ही पलामू में निकासी की सूचना के सिलसिले में सही जानकारी मिलेगा। उन्होंने कहा है कि ट्रेजरी कोड में निकासी के लिए डीडीओ को जिम्मेवार माना गया है।

हालांकि अब तक इस बिंदु पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने गृह सचिव और डीजीपी को पत्र लिख कर लंबे समय से जमे लेखापाल और बिल क्लर्क की समीक्षा करने और वित्त विभाग की ओर से जारी किये गये निर्देश के आलोक में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। वित्त विभाग ने तीन साल से अधिक समय से जमे लेखापाल और बिल क्लर्क को बदलने का आदेश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे