home page

रांची में 10 हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों को निगम का अंतिम नोटिस, 24 घंटे में बंद करना होगा संचालन

 | 
रांची में 10 हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों को निगम का अंतिम नोटिस, 24 घंटे में बंद करना होगा संचालन


रांची, 17 अक्टूबर (हि.स.)। नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। निगम ने शनिवार को 10 संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किया है। संचालकों को नोटिस मिलने के 24 घंटे के भीतर संस्थान का संचालन बंद करने और स्वीकृत भवन प्लान समेत सभी जरूरी वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित भवनों को सील किया जाएगा। इन संस्थानों को पहले भी नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज जमा करने और नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद निर्धारित निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई नहीं की। जिन संस्थानों ने अपना जवाब दिया, वह भी संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद निगम ने अंतिम नोटिस जारी करने का निर्णय लिया।

इन 10 संस्थानों को मिला अंतिम नोटिस

-कैटलिस्ट आईएएस एकेडमी, कचहरी रोड।

-आरसी फिजिकल एकेडमी, हातमा ।

-लक्ष्य डिफेंस एकेडमी, बिरसा कॉलोनी, मोरहाबादी।

-प्रकाश करियर फाउंडेशन, ले डिजायर कॉम्प्लेक्स, सर्कुलर रोड।

-आरसी डिफेंस एकेडमी, लालपुर।

-योद्धा डिफेंस एकेडमी, ईस्ट जेल रोड।

-श्योर सक्सेस सेंटर, लालपुर।

-किरण एकेडमी, ईस्ट जेल रोड।

-कमांडो फिजिकल एकेडमी, हातमा।

-आरसी फिजिकल एकेडमी, बिरसा नगर, सरना टोली।

नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार, हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के संचालन के लिए ट्रेड लाइसेंस, हॉस्टल पंजीकरण, वाणिज्यिक होल्डिंग, अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी), स्वीकृत भवन प्लान और अन्य जरूरी अनुमतियां होना अनिवार्य है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भवन का अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग या स्वीकृत उपयोग के विपरीत गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। सभी हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के संचालकों को भवन निर्माण, उपयोग और संस्थान संचालन से जुड़े नियमों का पालन करना होगा।

निगम ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा में निर्देशों का अनुपालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसमें संबंधित भवनों को सील करने की कार्रवाई भी शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे