home page

रांची में सास-बहू-पति सम्मेलन का आयोजन, परिवार नियोजन के प्रति किया जागरूक

 | 
रांची में सास-बहू-पति सम्मेलन का आयोजन, परिवार नियोजन के प्रति किया जागरूक


रांची, 01 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के तत्वावधान में परिवार नियोजन कार्यक्रम को सुदृढ़ बनाने और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को रांची में सास-बहू-पति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार के प्रमुख सदस्यों सास, बहू और पति के बीच संवाद स्थापित कर परिवार नियोजन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था।

सम्मेलन में वक्ताओं ने सास की भूमिका को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि परिवार में निर्णय लेने में उनका अहम स्थान होता है। उनकी सकारात्मक सोच से बहू ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के स्वास्थ्य पर अच्छा प्रभाव पड़ता है। साथ ही, पति की जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया गया, ताकि परिवार नियोजन को केवल महिलाओं का विषय न मानकर एक साझा जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जा सके।

विशेषज्ञों ने बताया कि संतानोत्पत्ति के बीच उचित अंतराल रखने से मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न गर्भनिरोधक उपायों की जानकारी दी गई और उनसे जुड़े सवालों का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम में परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा छोटे और स्वस्थ परिवार के लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन में अधिकारी, सहिया कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सेविकाएं और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar