home page

लाइसेंसी शराब दुकान में बिक रही नकली शराब, डीसी और एसपी से शिकायत

 | 

रामगढ़, 15 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मांडू प्रखंड क्षेत्र में लाइसेंसी शराब दुकान में नकली शराब बेची जा रही है। लाइसेंस की आड़ में शराब दुकान के मालिक नकली शराब बेंचकर करोड़ों रुपए की उगाही अवैध तरीके से कर रहे हैं। इस मामले की शिकायत स्थानीय ग्रामीण पंकज कुमार सिंह ने डीसी और एसपी से की है। बुधवार को पंकज समाहरणालय पहुंचे और डीसी एसपी से मिले। इस दौरान उन्होंने एक शराब दुकान के लाइसेंस धारक पवन कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

डीसी को लिखे गए आवेदन में कहा गया है कि पवन कुमार के नाम पर चार दुकानों का लाइसेंस आवंटित किया गया है। इन्हीं लाइसेंसों की आड़ में पवन कुमार अपने निजी दुकानों में जहरीली शराब बनाकर बेचता है। उन्होंने कुछ उत्पाद विभाग के अधिकारी पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया। पंकज कुमार सिंह ने कहा कि 15 अप्रैल की सुबह एक सिवग्राम्स व्हिस्की ब्लेंडर प्राइड क्लासिक प्रीमियम व्हिस्की का 750 एमएल की खरीदी। लेकिन वह बोतल नकली निकली। नकली शराब देने पर जब विरोध किया गया तो उसके हाथ से सेल्समैन ने शराब की बोतल छीनने की कोशिश की। पंकज कुमार सिंह ने उस शराब की बोतल को लेकर सीधे डीसी ऑफिस पहुंचे और नकली शराब बेचने को लेकर आवेदन सौंपा।

पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पवन कुमार रांची जिले को आवंटित शराब भी अपने निजी लाभ प्रतिशत के आधार पर अपने दुकानों और क्षेत्र में बेचते हैं। अभी रामगढ़ जिले का शराब बोकारो जिले के महुआटांड़ थाना क्षेत्र के गांव रहावन, पचमो, हुरदाग और झुमरा जैसे गांव में भी बेची जा रही है। साथ ही उन इलाकों में नकली शराब बेचने का काम भी पवन कर रहा है। इसी नकली शराब के विरोध में घोसी गांव के लोगों ने शराबबंदी का आंदोलन चलाया था। उन्होंने डीसी और एसपी दोनों पदाधिकारियों से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश