home page

ग्रामीण विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीसी

 | 
ग्रामीण विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीसी


रामगढ़, 18 जून (हि.स.)। जिले में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय के सभागार में समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में डीसी ने विभागीय कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान डीसी ने ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत रिक्त पदों की अद्यतन सूची तैयार कर स्थापना शाखा को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्यों के निष्पादन में गति लाई जा सके।

अबुआ आवास योजना की समीक्षा के क्रम में डीसी ने सभी आवास कोऑर्डिनेटरों को निर्देश दिया कि जिन लाभुकों को तीसरी किस्त का भुगतान किया जा चुका है, उनके आवासों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता समय पर निर्माण कार्य पूरा होने पर निर्भर करती है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध न्यूनतम 70 प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश सभी प्रखंड समन्वयकों को दिया गया। वहीं, प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत तीसरी किस्त प्राप्त कर चुके आवासों को आगामी माह तक पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

डीसी ने अंबेडकर आवास योजना के तहत लंबित आवासों में से कम-से-कम 50 प्रतिशत आवासों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं की नियमित निगरानी और समीक्षा आवश्यक है।

बैठक को संबोधित करते हुए डीसी ऋतुराज ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग की योजनाएं सीधे तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास से जुड़ी हुई हैं। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी गंभीरता, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश