उत्पाद विभाग की छापेमारी में 40 लीटर शराब और 100 किलो जावा महुआ बरामद
रामगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को डीसी ऋतुराज के निर्देश एवं सहायक आयुक्त उत्पाद के मार्गदर्शन में उत्पाद बल की टीम ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान चार अलग-अलग ठिकानों से करीब 40 लीटर अवैध चुलाई शराब और लगभग 100 किलोग्राम फर्मेंटेड जावा महुआ बरामद किया गया।
उत्पाद विभाग को क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर मंगलवार को टीम ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के बारलोंग, बुध बाजार, फणिकपुर और छोटकी लारी में एक साथ कार्रवाई करते हुए कुल चार स्थानों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान टीम को विभिन्न स्थानों से अवैध रूप से तैयार की गई करीब 40 लीटर चुलाई शराब मिली। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला लगभग 100 किलोग्राम फर्मेंटेड जावा महुआ भी बरामद किया गया। विभाग ने बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस मामले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में शामिल आरोपितों की पहचान की जा रही है। उत्पाद विभाग की ओर से संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

