home page

मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी करें शुरू : स्वास्थ्य सचिव

 | 
मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी करें शुरू : स्वास्थ्य सचिव


रांची, 27 अगस्त (हि.स.)।

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को राज्य के सभी सदर अस्पतालों एवं चिकित्सा महाविद्यालयों की समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, मानव संसाधन और प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव ने अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा के लिए सभी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने का निर्देश दिया। संविदा पर फैकल्टी नियुक्त कर शिक्षकों की कमी दूर करने की बात भी कही गई। मौके पर उन्होंने सदर अस्पतालों की समीक्षा के दौरान फेको विधि से मोतियाबिंद ऑपरेशन की स्थिति की जानकारी ली गई। जिन जिलों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां के चिकित्सकों को रिम्स, रांची में चार-चार के बैच में प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया। ऑर्थोपेडिक सर्जरी की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन को मजबूत करने के लिए 125 हॉस्पिटल मैनेजरों की नियुक्ति पर चर्चा हुई। प्रत्येक जिले को दो मैनेजर उपलब्ध कराने के साथ अनुमंडल अस्पतालों और अपग्रेड किए जाने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी उनकी तैनाती की जाएगी। वे 24 घंटे अस्पताल प्रबंधन, सुरक्षा, मरीजों की सुविधा, पैरामेडिकल स्टाफ, गेट पास सिस्टम और आयुष्मान योजना की निगरानी करेंगे।

बैठक में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, 50 बेड वाले मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य अस्पतालों के विकास एवं सदर अस्पतालों को मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की योजना की समीक्षा हुई।

चिकित्सा महाविद्यालयों में यूजी-पीजी सीट वृद्धि, उपकरण, भवन, फैकल्टी और अस्पताल संचालन की स्थिति भी देखी गई।

बैठक में कई पदाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar