जीएसटीएटी की स्थापना से करदाताओं को विवादों के त्वरित समाधान के लिए मिलेगा मंच : सीए गौरव
रांची, 07 जुलाई (हि.स.)। दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की रांची शाखा की ओर से सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (सीआईआरसी) के तत्वावधान में मंगलवार को रांची के होटल रमाडा में जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी) विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के साथ-साथ राज्य एवं केंद्रीय जीएसटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नई दिल्ली के प्रख्यात कर विशेषज्ञ सीए गौरव अग्रवाल थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी), रांची बेंच के उपाध्यक्ष तुषार कांटी सतपथी, टेक्निकल सदस्य बिजॉय बिहारी महापात्रा तथा जीएसटीएटी के डिप्टी रजिस्ट्रार विशाल कुमार उपस्थित रहे। तकनीकी सत्र की अध्यक्षता सीए नीरज गखर ने की, जबकि विषय प्रवेश रांची शाखा की सीपीई समिति के अध्यक्ष सीए भुवनेश कुमार ठाकुर ने कराया।
अपने संबोधन में सीए गौरव अग्रवाल ने कहा कि जीएसटीएटी की स्थापना से करदाताओं को कर विवादों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का सशक्त मंच मिलेगा। उन्होंने अपील प्रक्रिया, प्रक्रियागत प्रावधानों और नवीनतम न्यायिक मिसालों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका केवल कर अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि वे करदाताओं को गुणवत्तापूर्ण प्रतिनिधित्व प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से निरंतर अध्ययन करने और बदलते कर कानूनों के अनुरूप स्वयं को अद्यतन रखने का आह्वान किया।
जीएसटीएटी, रांची बेंच के उपाध्यक्ष तुषार कांटी सतपथी ने कहा कि न्यायाधिकरण का उद्देश्य करदाताओं को सरल, सुलभ और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि न्यायाधिकरण में विधिक प्रावधानों के साथ-साथ तथ्यों की स्पष्ट और सटीक प्रस्तुति अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कर पेशेवरों से नैतिक मूल्यों एवं उच्च गुणवत्ता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आग्रह करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जीएसटीएटी कर प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाएगा।
जीएसटीएटी, रांची बेंच के टेक्निकल सदस्य बिजॉय बिहारी महापात्रा ने कहा कि जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण कर न्याय प्रणाली को अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाएगा। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण दस्तावेजीकरण और तथ्यों के समुचित प्रस्तुतीकरण पर विशेष बल देते हुए कहा कि बेहतर तैयारी से न्यायिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी और परिणामकारी बनती है। उन्होंने कर पेशेवरों से न्यायाधिकरण की कार्यप्रणाली को गहराई से समझने और उसके अनुरूप अपनी तैयारी करने का आग्रह किया।
रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनिश जैन ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि शाखा अपने सदस्यों के ज्ञानवर्धन के लिए समय-समय पर समसामयिक विषयों पर उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जीएसटीएटी के गठन से कर व्यवस्था में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है, जिसका लाभ करदाताओं और कर पेशेवरों दोनों को मिलेगा। उन्होंने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए ज्ञान साझा करने की इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताया तथा सभी सदस्यों से भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में रांची शाखा के उपाध्यक्ष सीए विवेक खोवाल, कोषाध्यक्ष सीए हरेन्दर भारती सहित राज्य एवं केंद्रीय जीएसटी विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स उपस्थित थे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

