home page

बाबा बैद्यनाथ पर विनम्रता और सुलभ जलार्पण सुनिश्चित करना प्राथमिकता : उपायुक्त

 | 
बाबा बैद्यनाथ पर विनम्रता और सुलभ जलार्पण सुनिश्चित करना प्राथमिकता : उपायुक्त


देवघर, 22 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी मेला की चौथी एवं अंतिम सोमवारी के सफल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बीएड कॉलेज परिसर में मेला ड्यूटी में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, अधिकारियों एवं बाहर से आए पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफ किया।

उपायुक्त ने अधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ पर विनम्रता, सेवाभाव और सुलभ जलार्पण सुनिश्चित करना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान विशेषकर सोमवारी के दिन श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में अंतिम सोमवारी पर बड़ी संख्या में देवघर पहुंचने वाले कांवरियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम जलार्पण सुनिश्चित करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होगी।

उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को पूरी सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को यथासंभव सुगमतापूर्वक जलार्पण कराया जाए, ताकि कतार लगातार और व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ती रहे। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की कतार में अनावश्यक गैप न हो और भीड़ को नियंत्रित रखते हुए हर संभव सुविधा एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालु देवघर से अपने गंतव्य की ओर लौटते समय यहां की व्यवस्था और व्यवहार की अच्छी छवि लेकर जाएं, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से शालीनता, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ श्रद्धालुओं की सहायता करने की अपील की।

वहीं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि मेला ड्यूटी में बाहर से आए अधिकांश दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मी अब मेला क्षेत्र की व्यवस्था और माहौल से परिचित हो चुके हैं। ऐसे में अंतिम सोमवारी को क्यू मैनेजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से जलार्पण कराया जाए और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। भीड़ नियंत्रण में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

एसपी ने बताया कि सभी ओपी और यातायात ओपी के प्रभारी डीएसपी रैंक के अधिकारी होंगे। संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखें और किसी भी संभावित समस्या का तत्काल समाधान करें।

इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने भी चौथी एवं अंतिम सोमवारी को लेकर की गई तैयारियों तथा बरती जाने वाली सावधानियों से प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अवगत कराया।

मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, अधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy