home page

राज्य कर्मियों को नहीं मिल रहा स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ : चंद्रेश्वर

 | 
राज्य कर्मियों को नहीं मिल रहा स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ : चंद्रेश्वर


रांची, 17 मार्च (हि.स.)। विधानसभा के बजट सत्र की दूसरी पाली में झारखंड राज्यकर्मी के स्वास्थ्य बीमा योजना में व्याप्त खामियों और अनियमितताओं का मुद्दा सिंदरी के विधायक चन्द्रेश्वर महतो ने ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से उठाया।

उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि इस योजना का लाभ कर्मचारियों तक सही रूप में नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारी भी पूर्व की व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

विधायक ने बताया कि बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार के साथ शुरू की गई इस योजना का वास्तविक फायदा जमीनी स्तर पर नहीं मिल रहा है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बीमा होने के बावजूद कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सदन में एक मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि खूंटी के कनीय अभियंता ज्ञानदेव साहू ने अपने पिता के इलाज पर 6.98 लाख रुपये खर्च किया, लेकिन बीमा कंपनी ने केवल 1.42 लाख रुपये ही स्वीकृत किया, जबकि बाकी राशि परिवार को खुद वहन करनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि ऐसे कई मामले राज्यभर में सामने आ रहे हैं, जहां इलाज से पहले कैशलेस सुविधा नहीं मिलती। बाद में क्लेम राशि में भारी कटौती की जाती है।

इस पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने स्वीकार किया कि योजना में कुछ कमियां थीं, जिन्हें दूर करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कैशलेस इलाज से जुड़े मामलों की जांच कर संबंधित भुगतान कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar