home page

मातृ मृत्यु दर और प्रसव पूर्व जांच के तहत मातृ स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

 | 
मातृ मृत्यु दर और प्रसव पूर्व जांच के तहत मातृ स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर


रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई।

बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद ने की। इसमें जिले में संचालित मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, उपलब्धियों और चुनौतियों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, विलेज हेल्थ सेनिटेशन एंड न्यूगट्रिशन डे, मेटरनल डेथ रिव्यू और प्रसव पूर्व जांच सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

सिविल सर्जन ने सभी प्रखंडों के संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, नियमित प्रसव पूर्व जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की शीघ्र पहचान, आवश्यक जांच और उपचार तथा समय पर रेफरल पर विशेष जोर दिया।

साथ ही संस्थागत प्रसव के लिए महिलाओं को प्रोत्साहित करने और आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। मातृ मृत्यु के कारणों की पहचान कर उनकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य संस्थानों को मातृ स्वास्थ्य संबंधी आंकड़े और रिपोर्ट समय पर अपडेट करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं तक नियमित एएनसी जांच, पोषण परामर्श, स्वास्थ्य जागरूकता और रेफरल सेवाएं पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में कई पदाधिकारी और अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar