लातेहार: तालाब में डूबने से वृद्ध की मौत
लातेहार (झारखंड), 2 मई (हि.स.)। लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रेंगाई पंचायत के काठो गांव निवासी 60 वर्षीय दुर्गा मांझी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब वे गांव के अन्य लोगों के साथ नहाने के लिए तालाब गए थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नहाते समय दुर्गा मांझी अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तालाब की गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई। प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण शुक्रवार को शव की तलाश में सफलता नहीं मिल सकी।
शनिवार को फिर से प्रशासनिक टीम गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब 26 घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर में दुर्गा मांझी का शव तालाब से बरामद कर लिया गया।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि यह मामला सामान्य डूबने से हुई मौत का है। शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

