भारतीय एकता कमेटी ने जरूरतमंद बच्चों के बीच बांटी शिक्षण सामग्री
रांची, 09 नवंबर (हि.स.)। सामाजिक संस्था भारतीय एकता कमेटी की ओर से सोमवार को काठीटांड़, हुरहुरी और ठाकुरगांव में जरूरतमंद बच्चों के बीच शिक्षण सामग्री वितरित की गई। इस दौरान बच्चों की पढ़ाई भी शुरू कराई गई।
कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा ने अपने हाथों से बच्चों को पठन-पाठन की सामग्री प्रदान की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। शिक्षकों का मासिक मानदेय और बच्चों की पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री का खर्च भारतीय एकता कमेटी वहन करेगी।
मुस्तफा ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षित होकर अच्छे इंसान बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कमेटी की ओर से बच्चों को प्रतिदिन दो घंटे अतिरिक्त शिक्षा दी जाएगी। इस दौरान उन्हें देशभक्ति, संस्कार और सामाजिक मूल्यों की भी जानकारी दी जाएगी।
गुलाम मुस्तफा ने कहा कि संस्था को कोई सरकारी अनुदान या फंड नहीं मिलता है। इसके बावजूद अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद बच्चों की मदद जारी रखी जाएगी।
इस अवसर पर कमेटी के सचिव रामेश्वर राम, मुबारक सहित अन्य लोग मौजूद थे।
------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

