home page

जल जीवन मिशन में उत्कृष्ट कार्य के लिए आठ जल सहियाएं सम्मानित

 | 
जल जीवन मिशन में उत्कृष्ट कार्य के लिए आठ जल सहियाएं सम्मानित


रांची, 09 सितंबर (हि.स.)। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और सुरक्षित पेयजल आपूर्ति तथा जलापूर्ति योजनाओं के बेहतर संचालन एवं रख-रखाव में उत्कृष्ट योगदान देने वाली राज्य की आठ जल सहियाओं को बुधवार को विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया। नेपाल हाउस में आयोजित कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने जल सहियाओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र प्रदान किए।

सम्मानित जल सहियाओं में बोकारो जिले की पांच और रांची जिले की तीन जल सहियाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में जल सहिया दीदियों ने जल जीवन मिशन के तहत अपने कार्य अनुभव और गांवों में आने वाली चुनौतियों को भी साझा किया।

सचिव अबु इमरान ने जल सहियाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भूमिका से ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और रख-रखाव को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है। उन्होंने राज्य की अन्य जल सहियाओं को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया।

सम्मानित जल सहियाओं ने अपने-अपने गांव और पंचायतों में जल एवं स्वच्छता समिति (वीडब्ल्यूएससी) के साथ समन्वय कर जल जीवन मिशन की योजनाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे जलापूर्ति व्यवस्था में आने वाली समस्याओं की पहचान कर संबंधित अधिकारियों तक सूचना पहुंचाने के साथ जल की गुणवत्ता, जल संरक्षण और पानी के सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण उपयोग को लेकर ग्रामीणों को जागरूक कर रही हैं।

जल सहियाएं ग्रामीण परिवारों को नियमित उपयोगकर्ता शुल्क जमा करने के लिए भी जागरूक करती हैं। इससे जल एवं स्वच्छता समितियों को स्थानीय स्तर पर योजनाओं के संचालन और आवश्यक रख-रखाव के लिए सामुदायिक योगदान उपलब्ध होता है। उपयोगकर्ता शुल्क से प्राप्त राशि का इस्तेमाल प्लंबर और पंप ऑपरेटरों के मानदेय, छोटी-मोटी मरम्मत तथा पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में किया जाता है।

विभाग के अनुसार, जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल ग्रामीण परिवारों तक नल के माध्यम से पानी पहुंचाना नहीं, बल्कि नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित और दीर्घकालिक जल सेवा सुनिश्चित करना है। जल सहियाओं का सम्मान इसी उद्देश्य के तहत योजनाओं के सतत संचालन में उनके जमीनी योगदान को पहचानने और प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे