शिक्षा व्यवस्था में धांधली के विरोध में छात्रों ने शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा
दुमका, 03 अगस्त (हि.स.)। राज्य में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और धांधली के विरोध में सोमवार को दुमका में छात्र समन्वय समिति के नेतृत्व में विभिन्न छात्र संगठनों ने संयुक्त रूप से जन आक्रोश महारैली निकाली।
महारैली दुमका के एसपी कॉलेज परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंची। यहां प्रतिनिधिमंडल ने डीसी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान छात्रों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटना और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
छात्रों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने और शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल छात्र नेताओं ने कहा कि यदि सरकार जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। महारैली में विभिन्न छात्र संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल थे। छात्रों का नेतृत्व छात्र नेता श्यामदेव हेंब्रम कर रहे थे। इसका समर्थन अभाविप, सीसीएस सहित अन्य छात्र कर रहे थे।
शिक्षा व्यवस्था में धांधली के विरोध में छात्रों का जन आक्रोश और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

