डीएमएफटी से स्वीकृत हुई शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी और पेयजल की योजनाएं
रामगढ़, 02 जून (हि.स.)। जिले में डीएमएफटी न्यास परिषद की बैठक में कई योजनाओं को स्वीकृति मिली। मंगलवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, आंगनबाड़ी, रोजगार और पेयजल से संबंधित कई योजनाएं स्वीकृत की गई। बैठक में कई ऐसी योजनाएं शामिल की गई थी जो प्राथमिकता और गैर प्राथमिकता की सूची में शामिल थी। लेकिन सबसे पहले प्राथमिकता वाली योजनाओं पर ही जोर दिया गया।
मौके पर डीसी ऋतुराज ने बताया कि 35 पेयजल की योजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिन्हें गति दिया जाना है। सबसे महत्वपूर्ण चुंबा वाटर सप्लाई स्कीम इसमें शामिल है। यह जलापूर्ति योजना निर्माण के बाद चोरों की वजह से ठप हो गई थी। इसके अलावा खेल स्टेडियम, सामुदायिक भवन, टाउन हॉल, गोल मार्केट कंपलेक्स के निर्माण को लेकर स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा रजरप्पा मंदिर में कतार में लगने वाले लोगों के लिए शेड का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा रजरप्पा मंदिर परिसर में सोलर लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी।
जिले का वह इलाका जहां हाथियों का आवागमन अक्सर होता रहता है, उन इलाकों में सोलर लाइट लगाया जाएगा। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, सरकारी विद्यालयों के जमीनों पर हो रहे कब्जे को बचाने के लिए चारदीवारी का निर्माण करने जैसी योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई है। वैसे विद्यालय जो सड़क के किनारे हैं या उनकी जमीन का अतिक्रमण हो रहा है, इसकी चारदीवारी का निर्माण होगा। छोटानागपुर कॉलेज में भी जमीन को लेकर विवाद है, वहां भी चारदीवारी बनाने के लिए स्वीकृति दी गई है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी और जीवकोपार्जन की योजनाओं पर बैठक में चर्चा हुई। इसके अलावा जिला और प्रखंड स्तर पर लाइब्रेरी निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

