home page

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत गोड्डा में 1.13 लाख पौधारोपण का लक्ष्य

 | 

गोड्डा, 12 जून (हि.स.)। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग विद्यार्थियों के समग्र विकास के साथ-साथ उनमें पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में सक्रिय पहल कर रहा है। इसी क्रम में शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के अंतर्गत एक पेड़ मां के नाम अभियान 05 जून से 30 सितंबर तक चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत गोड्डा जिले में 01 लाख 13 हजार 175 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि पूरे झारखंड में 28 लाख 82 हजार 300 पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। विभाग ने सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों को इसमें सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

अभियान के तहत जिले के सभी प्राथमिक, मध्य एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पौधारोपण का लक्ष्य तय कर दिया गया है।

- प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में 50 पौधे

- मध्य विद्यालय में 75 पौधे

- उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 100 पौधे लगाए जाएंगे

गोड्डा जिले के 955 प्राथमिक विद्यालयों में 47,750, 619 मध्य विद्यालयों में 46,425 और 190 उच्च विद्यालयों में 19,000 पौधे लगाए जाएंगे। इस प्रकार जिले के कुल 1,764 विद्यालयों में 1,13,175 पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वहीं पूरे झारखंड में 44,376 विद्यालयों के माध्यम से 28,82,300 पौधों का रोपण किया जाएगा, जिसमें प्राथमिक, मध्य और उच्च विद्यालयों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनके संरक्षण, देखभाल और नियमित अनुश्रवण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यालयों को वन विभाग से समन्वय स्थापित कर समय से पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जहां विद्यालय परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं होगी, वहां विद्यार्थियों को अपने घर, सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे या अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

विभाग ने इस अभियान को लेकर सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों के अनुसार, सभी विद्यालयों को निर्देश दे दिए गए हैं और वन विभाग से पौधे प्राप्त होते ही वितरण कर अभियान शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी प्रकार की शिथिलता बरतने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार