home page

दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर उपायुक्त से मिले महानगर पूजा समिति के पदाधिकारी

 | 
दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर उपायुक्त से मिले महानगर पूजा समिति के पदाधिकारी


रांची, 16 सितंबर (हि.स.)। रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने आगामी दुर्गा पूजा 2026 की तैयारियों और शहर की व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की।

समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में हुई मुलाकात के दौरान पूजा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने दुर्गा पूजा के दौरान शहर में बेहतर साफ-सफाई, खराब सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग उपायुक्त से की। समिति ने कहा कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में बुनियादी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था से पूजा उत्सव के साथ आम नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी।

मौके पर उपायुक्त ने समिति के सदस्यों की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने का भरोसा दिया। उन्होंने पूजा के दौरान शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए विभागों के स्तर पर आवश्यक समन्वय का आश्वासन दिया।

बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धन्यजय, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के आजीवन सदस्य डॉ अजीत सहाय, अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र वर्मा, संजय मिनोचा, जय सिंह यादव सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar