नकली स्पार्क्स चप्पलों पर बड़ी कार्रवाई, 422 जोड़ी जब्त
दुमका, 01 सितंबर (हि.स.)। जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट बाजार में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली स्पार्क्स चप्पलों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 422 जोड़ी नकली चप्पलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई एम/एस आइडियल आईपीआर प्रोटेक्शन प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि की शिकायत पर की गई। शिकायत में बताया गया था कि रिलेक्सो ब्रांड स्पार्क्स के नाम से नकली चप्पलों की बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने हंसडीहा थाना से संपर्क कर छापेमारी में सहयोग मांगा। पुलिस टीम ने सबसे पहले नोनीहाट बाजार स्थित एक दुकान में छापेमारी की, जहां दुकानदार इरशाद आलम (55) के प्रतिष्ठान से जांच के दौरान 71 जोड़ी नकली स्पार्क्स चप्पल बरामद हुई। चप्पलों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर दुकानदार संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद पुलिस ने बाजार की एक अन्य दुकान में जांच की। यहां दुकानदार मोहम्मद मुजीब आलम उर्फ बाबू (35) के प्रतिष्ठानाें से 95 जोड़ी नकली स्पार्क्स चप्पल जब्त की गईं। जांच के दौरान चप्पल नकली पाई गईं और आवश्यक कागजात भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसी बीच मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जियो पेट्रोल पंप के समीप हनुमान मंदिर के बगल स्थित एक गोदाम में भी छापेमारी की।
गोदाम मालिक मुमताज खान ने बताया कि गोदाम कुछ महीने पहले किराये पर दिया गया था और किरायेदार के संबंध में उसे कोई जानकारी नहीं है। तलाशी के दौरान गोदाम से 256 जोड़ी नकली स्पार्क्स चप्पलें बरामद की गईं। तीनों स्थानों से कुल 422 जोड़ी नकली स्पार्क्स चप्पल जब्त कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
शिकायतकर्ता ने मामले को कॉपीराइट एक्ट, 1957 की धारा 63 एवं 65 के तहत अपराध बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

