नगरपालिका चुनाव को लेकर पोलिंग पार्टियां मतदान केन्द्रों के लिए हुए रवाना
दुमका, 22 फ़रवरी (हि.स.)। नगरपालिका आम चुनाव को लेकर 23 फरवरी को नगर परिषद दुमका एवं नगर पंचायत बासुकीनाथ क्षेत्र में होने वाले मतदान को लेकर इंडोर स्टेडियम में निर्मित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया गया। उन्होंने पोलिंग पार्टियों से वार्ता कर निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित मतदान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्रियों का वितरण सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है।
संबंधित पदाधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे 23 फरवरी को अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

