home page

ग्रामीण आवास योजना के बेहतर क्रियान्वयन में दुलमी प्रखंड को मिला सम्मान

 | 
ग्रामीण आवास योजना के बेहतर क्रियान्वयन में दुलमी प्रखंड को मिला सम्मान


रामगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले में ग्रामीण आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उत्कृष्ट कार्य के लिए रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड को राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया है। झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 के अवसर पर रांची के खेलगांव में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में दुलमी प्रखंड को यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में दुलमी के प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार मिश्रा ने सम्मान ग्रहण किया। ग्रामीण आवास योजना के तहत पात्र लाभुकों को आवास का लाभ उपलब्ध कराने और योजना के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में किए गए सराहनीय कार्यों को इस सम्मान का आधार बनाया गया।

दुलमी प्रखंड को मिला यह सम्मान प्रखंड स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वय, प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता को दर्शाता है। साथ ही इससे जिले में ग्रामीण आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में जुटे कर्मियों का उत्साह भी बढ़ेगा।

इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने दुलमी प्रखंड के संबंधित पदाधिकारियों को बधाई दी है। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लाभुकों तक पहुंचाने का कार्य जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश