डीएसपीएमयू भूगोल विभाग में बढ़ा टूर फीस वसूली का मामला
रांची, 07 अप्रैल (हि.स.)।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीविवि) रांची के भूगोल विभाग में एजुकेशनल टूर के नाम पर छात्रों से अधिक शुल्क वसूली का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रति छात्र 17,000 से 18,000 रुपये तक लिए जाने के आरोप के बाद छात्रों ने कुलपति से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस विवाद में झारखंड टूर एंड ट्रैवल एसोसिएशन भी कूद पड़ा है और छात्रों का समर्थन करते हुए मंगलवार को गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरदीप सहाय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पिछले कुछ वर्षों से रांची विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों के भूगोल विभागों में टूर के नाम पर लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड के बाहर के व्यक्तियों को टूर एजेंट के रूप में प्रस्तुत कर छात्रों से अधिक राशि वसूली जा रही है। सहाय के अनुसार, जहां एसोसिएशन से जुड़े अधिकृत एजेंसियां केरल टूर 11,000 से 12,000 रुपये में करा सकती हैं, वहीं विश्वविद्यालय स्तर पर 17,000 रुपये से अधिक वसूले जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी एजेंसियां कमीशन नहीं देतीं, इसी कारण उन्हें काम नहीं दिया जाता, जबकि शिकायतों वाली एजेंसियों को बार-बार जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। एसोसिएशन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि छात्रों का आर्थिक शोषण रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

