home page

प्रीडेटरी प्राइसिंग के विरोध में दवा व्यवसायियों ने बंद रखा प्रतिष्ठान

 | 
प्रीडेटरी प्राइसिंग के विरोध में दवा व्यवसायियों ने बंद रखा प्रतिष्ठान


देवघर, 20 मई (हि.स.)। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बुधवार को जिले के केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने पूर्ण समर्थन के साथ एकदिवसीय दवा

व्यवसायियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों का बंद को रखा।

जिले की सभी दवा दुकानें पूरी तरह बंद रहीं और केमिस्ट समुदाय ने एकजुट होकर इस ऐतिहासिक आंदोलन में भाग लिया। दिनभर टावर चौक पर एसोसिएशन के सदस्य एकत्रित होकर प्रदर्शन करते रहे। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, सचिव दिवाकर कमल, संगठन सचिव किशोर झा, कोषाध्यक्ष अरविंद चौधरी सहित शेखर झा, सुमन कुमार बाजपेई, सुखदेव बरनवाल, अशोक सिंह एवं अन्य सदस्य उपस्थित थेे।

सभी सदस्यों ने एकजुटता के साथ अपनी मांगों को बुलंद किया। दवा व्यवसायी सुमन कुमार बाजपेई ने कहा कि यह राष्ट्रव्यापी हड़ताल केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और दवा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।

एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में 28 अगस्त 2018 की अधिसूचना जीएसआर 817(ई) की वापसी, बड़े कॉरपोरेट्स की ओर से प्रीडेटरी प्राइसिंग (शिकारी मूल्य निर्धारण का अर्थ अपने उत्पाद की कीमतों को उत्पादन मूल्य से भी कम कर देना) पर रोक और कोविड-19 महामारी के दौरान आपातकालीन प्रावधानों के तहत जारी 26 मार्च 2020 की अधिसूचना जीएसआर 220(ई) को वापस लेना शामिल है। इसके साथ ही एसोसिएशन ने ऑनलाइन दवा व्यवसाय को लेकर गंभीर चिंता जताई। संगठन का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के दवाओं की उपलब्धता, फर्जी और एआई-जनरेटेड प्रिस्क्रिप्शन का उपयोग एवं शेड्यूल एच, एच 1 और एक्स श्रेणी की दवाओं की नियमों के विपरीत बिक्री जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इन्हीं मुद्दों को ध्यान में रखते हुए एआईओसीडी ने अपोलो फार्मेसी, मेडप्लस, वेलनेस फॉरएवर जैसी संगठित रिटेल चेन से भी इस जनहितकारी आंदोलन में सहयोग और समर्थन देने का आह्वान किया है।

प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने

उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर राज्य स्तर पर हस्तक्षेप करने और केंद्र सरकार को आवश्यक अनुशंसा भेजने का अनुरोध किया। ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक देवघर, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर एवं मधुपुर, औषधि निरीक्षक तथा नगर थाना देवघर को भी भेजी गई।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता और सचिव दिवाकर कमल ने संयुक्त रूप से कहा कि यह संघर्ष केवल केमिस्ट समुदाय का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के सुरक्षित स्वास्थ्य भविष्य का संघर्ष है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy