डीएल शिविर में 90 आवेदकों में से 60 पास
रामगढ़, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए परिवहन विभाग सीधे प्रखंड मुख्यालय तक पहुंच चुका है। शनिवार को परिवहन विभाग ने मांडू प्रखंड कार्यालय में शिविर लगाकर युवाओं को ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराया। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर डीटीओ राजेश एक्का ने आम जनता की सुविधा के लिए एक दिवसीय विशेष चालक लाइसेंस कैंप का आयोजन किया। इस दौरान कुल 90 लोगों ने अपना आवेदन दिया जिसमें 60 लोग पास हुए।
माैके पर डीटीओ राजेश एक्का ने बताया कि इस विशेष कैंप का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक ही ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना। साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। ऑन- दि स्पॉट दस्तावेजों की जांच और पारदर्शी परीक्षा कैंप के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने सभी आवेदकों के दस्तावेजों की ऑन-स्पॉट स्क्रूटनी की। इसके बाद पारदर्शी तरीके से कंप्यूटर आधारित लर्निंग लाइसेंस टेस्ट का आयोजन किया। कुल 90 आवेदकों ने अपना पंजीकरण कराया। यातायात नियमों की परीक्षा में 60 आवेदक पास घोषित किए गए।
डीटीओ ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य केवल लाइसेंस देना नहीं, बल्कि हर नागरिक को एक जिम्मेदार और सुरक्षित चालक बनाना है। मांडू प्रखंड में आयोजित इस कैंप की सफलता को देखते हुए आने वाले दिनों में जिले के अन्य सुदूर प्रखंडों में भी इसी तरह के विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

