माइनिंग कंपनी के खिलाफ डीसी से मिला ड्राइवर मजदूर संघ
रामगढ़, 04 जून (हि.स.)। जिले के कुजू एरिया में सीसीएल के कर्मा प्रोजेक्ट में काम कर रही जय अंबे माइनिंग कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। कंपनी के रवैये के खिलाफ गुरुवार को ऑल राइट्स ड्राइवर मजदूर महासंघ एसोसिएशन के दर्जनों लोग डीसी ऋतुराज से मिलने पहुंचे।
इस दौरान ड्राइवर और मजदूर ने कंपनी पर कई आरोप लगाए। संघ के लोगों ने कहा कि सभी ड्राइवर स्थानीय निवासी हैं और बेरोजगार हैं। वे कुशल और माईनिंग ड्राइवर होने के बावजूद उनके क्षेत्र में काम कर रही जय अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी उन्हें नौकरी पर नहीं रख रही है।
उन्होंने बताया कि नियमानुसार कंपनी को विस्थापित ग्रामीणों को कांट्रेक्ट पर होने वाली नौकरी में रखना है। लेकिन वे लोग बाहर से ड्राइवर और मजदूर मंगाकर काम कर रहे हैं। इस मामले में पहले भी कई बार सीसीएल प्रबंधन से वार्ता हुई थी। लेकिन किसी प्रकार का हल नहीं निकला।
डीसी को संज्ञान में देने के बाद संगठन के लोग एसपी मुकेश कुमार लुनायत से भी मिले। उन्हें भी पूरी घटना से अवगत कराया। डीसी कार्यालय से इस पूरे मामले पर तत्काल पहल हुई और कुजू जीएम को इस मामले में पहल कर समस्या को दूर करने का निर्देश दिया गया। साथ ही संगठन के लोगों को कुजू प्रक्षेत्र के जीएम से मिलने का निर्देश दिया गया।
डीसी से मिलने पहुंचे लोगों में मुकेश कुमार महतो, मिथिलेश कुमार, बबलू मांझी, पिंटू कुमार, शब्बीर अंसारी शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

