घाटी में ट्रक ने ट्रेलर को मारी टक्कर, ड्राइवर की मौत
रामगढ़, 15 मई (हि.स.)। रामगढ़ चुटूपालू घाटी में शुक्रवार को मछली लदे ट्रक ने पीछे से एक ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ड्राइवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गाड़ी में फंसे खलासी को बड़ी मुश्किल से निकाल कर जान बचाई गई। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस और एनएचएआई के कर्मियों ने घंटो मशक्कत के बाद दोनों को निकाल कर सदर अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पूरी तरह जाम हो गया। जिसके बाद पुलिस ने घंटो मशक्कत कर यातायात सुचारू रूप से चालू करवाया।
सड़क पर बिखर गई मछली, लोग लूट कर भागे
जानकारी के अनुसार रांची से रामगढ़ की ओर से आ रहे मछली लदा ट्रक संख्या (एपी 16टीई 6607) का अचानक घाटी में ब्रेक फेल हो गया। उसने आगे आगे जा रहे एक ट्रेलर को पीछे जोरदार टक्कर मारी और रुक गया। इस दौरान ट्रक में लदा मछली सड़क पर बिखर गया। जिसे देख लोग मछली लेकर भागते देखे गए। इस दौरान पुलिस ने कई लोगों काे वहां से खदेड़ा ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

