home page

डॉ सिकंदर को मिलेगा आईएमए का सर्वोच्च कम्युनिटी सर्विस अवॉर्ड

 | 
डॉ सिकंदर को मिलेगा आईएमए का सर्वोच्च कम्युनिटी सर्विस अवॉर्ड


देवघर, 01 जुलाई (हि.स.)। चिकित्सा सेवा को मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम मानने वाले देवघर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ सिकंदर सिंह को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के ‘कम्युनिटी सर्विस के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 18 जुलाई को आयोजित समारोह में दिया जाएगा। पूरे देश से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए केवल पांच चिकित्सकों का चयन किया गया है, जिनमें डॉ सिकंदर सिंह का नाम शामिल होना देवघर और झारखंड के लिए गौरव की बात है।

सुभाष चौक स्थित अपने निजी क्लीनिक से वर्षों से चिकित्सा सेवा दे रहे डॉ सिकंदर सिंह वर्ष 1990 से चिकित्सा क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि अपनी पत्नी के साथ पहली बार देवघर आने पर यहां के लोगों का स्नेह और बाबा बैद्यनाथ की नगरी का वातावरण उन्हें इतना पसंद आया कि उन्होंने यहीं स्थायी रूप से बसने का निर्णय लिया और लोगों की सेवा को अपना जीवन लक्ष्य बना लिया।

चिकित्सा सेवा के दौरान उन्होंने महसूस किया कि जिले में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण बेहतर इलाज नहीं करा पाते। इसी सोच के साथ उन्होंने 1998 से गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क इलाज और आवश्यक जांच की शुरुआत की। पिछले करीब तीन दशकों में उन्होंने हजारों मरीजों का मुफ्त इलाज कर मानवता की मिसाल पेश की है। निजी चिकित्सक होने के बावजूद डॉ सिकंदर सिंह ने टीबी उन्मूलन अभियान, मलेरिया, चिकनगुनिया और कालाजार जैसी बीमारियों के खिलाफ सरकारी जागरूकता एवं नियंत्रण अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।

उन्होंने हमेशा सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग किया। डॉ सिकंदर सिंह का कहना है कि चिकित्सा केवल जीविकोपार्जन का साधन नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है। यदि चिकित्सक सेवा भावना से कार्य करें, तभी इस पेशे का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।

मौके पर सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ सिकंदर सिंह ने हमेशा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि निजी चिकित्सक होने के बावजूद उनका जनसेवा के प्रति समर्पण अनुकरणीय है और अन्य चिकित्सकों को भी उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy