home page

हिन्दू नववर्ष पर रामगढ़ आएंगे डॉ प्रवीण भाई तोगड़िया

 | 
हिन्दू नववर्ष पर रामगढ़ आएंगे डॉ प्रवीण भाई तोगड़िया


रामगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। हिन्दू नववर्ष के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया का गुरुवार को रामगढ़ आगमन होगा। उनके स्वागत को लेकर जिले भर के विभिन्न हिन्दू संगठनों में उत्साह देखा जा रहा है और कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए हिन्दू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि डॉ. तोगड़िया सड़क मार्ग से रामगढ़ पहुंचेंगे और उनके स्वागत के लिए कई स्थानों पर कार्यक्रम तय किए गए हैं।

सिद्धू कान्हु मैदान से होगा स्वागत कार्यक्रम

प्राप्त जानकारी के अनुसार संध्या करीब 5 बजे सिद्धू कान्हू मैदान बाजार टांड़ में सनातन प्रेमियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद रोड शो के माध्यम से उनका काफिला शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगा।

थाना चौक से सुभाष चौक तक रोड शो

कार्यक्रम के अनुसार थाना चौक होते हुए लगभग सवा पांच बजे सत्कौड़ी कॉम्प्लेक्स के समीप बजरंग क्लब के युवाओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद जुलूस की शक्ल में काफिला आगे बढ़ते हुए सुभाष चौक पहुंचेगा।

दुर्गा मंदिर के समीप होगा उद्बोधन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार करीब साढ़े पांच बजे सुभाष चौक स्थित दुर्गा मंदिर के समीप डॉ. तोगड़िया सभा को संबोधित करेंगे, जहां बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

दूसरी बार रामगढ़ आगमन को लेकर उत्साह

दीपक मिश्रा ने बताया कि डॉ. प्रवीण तोगड़िया का यह दूसरा रामगढ़ दौरा है, जिसको लेकर कार्यकर्ताओं और सनातन समर्थकों में खासा उत्साह है। उन्होंने जिले भर के लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्था की तैयारी भी स्थानीय स्तर पर की जा रही है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश