यूजीसी-नेट में रामगढ़ की डॉ आंचल ने हासिल की सफलता
रामगढ़, 29 अगस्त (हि.स.)। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग की शिक्षिका डॉ आंचल कुमारी ने यूजीसी-नेट जून 2026 की कंप्यूटर साइंस विषय की परीक्षा में सफलता हासिल कर रामगढ़ सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि के पीछे माता-पिता का संघर्ष, त्याग और पति का निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है।
खास बात यह है कि डॉ आंचल कुमारी ने जिस डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (पूर्ववर्ती रांची कॉलेज) से स्नातक (आईटी) और स्नातकोत्तर (एमसीए) की शिक्षा प्राप्त की, उसी संस्थान में वे शिक्षिका के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। अपने शैक्षणिक सफर के दौरान वे विश्वविद्यालय की टॉपर रहीं और राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुकी हैं।
रामगढ़ के पतरातू के सांकूल पंचायत निवासी डॉ आंचल कुमारी के पिता विनोद साहू और माता बासंती देवी ने अपनी संतान को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना किया। परिवार की आजीविका चलाने और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए माता-पिता ने सब्जियां बेचकर संघर्षपूर्ण जीवन बिताया। माता बासंती देवी ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने बच्चों की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। उन्होंने सब्जियों की बिक्री से होने वाली आय से आंचल कुमारी और उनके भाइयों की पढ़ाई जारी रखी। उनके भाई अनिकेत कुमार एवं अभिषेक कुमार भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर चुके हैं, जिनमें अभिषेक कुमार बीएससी आईटी के टॉपर रहे हैं।
डॉ आंचल कुमारी की शैक्षणिक उपलब्धियों में उनके पति का भी विशेष योगदान रहा है। निरंतर प्रोत्साहन, संबल और सहयोग के माध्यम से उन्होंने डॉ आंचल कुमारी को शोध एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ आंचल कुमारी अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता, पति, सास-ससुर, भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों को देती हैं। उनका कहना है कि परिवार के निरंतर सहयोग, विश्वास और प्रोत्साहन के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था। इस सफर में उनकी पुत्री अन्वी का भी विशेष सहयोग रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

