home page

बकाया भुगतान नहीं करने वाली कंपनियों से व्यापार न करें व्यवसायी : चेंबर

 | 
बकाया भुगतान नहीं करने वाली कंपनियों से व्यापार न करें व्यवसायी : चेंबर


रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कंज्यूमर ड्युरेबल्स एवं इलेक्ट्रॉनिक्स उप समिति की बैठक मंगलवार को चेंबर भवन में हुई।

बैठक में चर्चा की गई कि कई कंपनियां वर्तमान डिस्ट्रीब्यूटर का बकाया भुगतान और सेटलमेंट किए बिना ही नये डिस्ट्रीब्यूटर की नियुक्ति कर रही हैं। इससे पुराने डिस्ट्रीब्यूटर की पूंजी फंस जाती है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। व्यापारियों की वास्तविक चिंता को देखते हुए उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि जब तक किसी डिस्ट्रीब्यूटर का सेटलमेंट नहीं हो जाता, तब तक ऐसी कंपनियों के साथ व्यापार नहीं किया जाय। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कंपनियों की डीलरशिप का भी सामूहिक रूप से हतोत्साहित किया जाएगा।

वर्तमान में ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव से स्थानीय रिटेल कारोबारियों के सामने उत्पन्न चुनौतियों पर भी बैठक में चर्चा हुई।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के कारण दुकानदार कर रहे घाटे का सामना

सदस्यों ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के कारण स्थानीय दुकानदार लगातार प्रतिस्पर्धा और घटते व्यापार का सामना कर रहे हैं।

वहीं उप समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण अग्रवाल ने व्यापारियों से सोशल मीडिया प्रमोशन कर अपने प्रतिष्ठानों का प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ग्राहकों को बेहतर सेवा और विश्वास देकर ही स्थानीय बाजार को मजबूत बनाया जा सकता है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि कोई खुदरा व्यापारी रांची बाजार के डिस्ट्रीब्यूटरों का भुगतान रोककर अन्य बाजारों से व्यापार करता है, तो राज्यभर के सभी डिस्ट्रीब्यूटरों को एक मंच पर लाकर ऐसे मामलों की सूची साझा की जाएगी ताकि व्यापारिक अनुशासन बना रहे।

उप समिति के अध्यरक्ष श्रीकृष्ण अग्रवाल ने कहा कि कंपनियों को अपने व्यावसायिक दायित्वों का पालन करते हुए पुराने डिस्ट्रीब्यूटर का सेटलमेंट करने के बाद ही नए डिस्ट्रीब्यूटर की नियुक्ति करनी चाहिए। यदि कंपनियां व्यापारिक नैतिकता का पालन नहीं करती हैं, तो व्यापारी समाज एकजुट होकर अपने हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, उप समिति चेयरमैन श्रीकृष्ण अग्रवाल, सदस्य रमेश अग्रवाल, मनोज गुप्ता, प्रकाश कमालिया उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak