दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर देवघर नगर निगम की तैयारी तेज
देवघर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2026-27 की तृतीय सामान्य बोर्ड बैठक गुरुवार को निगम कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आगामी दीपावली, काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त रखने तथा पर्व-त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं और नगरवासियों को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पर्वों के मद्देनजर शहर के सभी छठ घाटों, पूजा पंडालों, प्रमुख मार्गों और विभिन्न वार्डों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही फॉगिंग, पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, छठ व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम, शुद्ध पेयजल और घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में नगर निगम के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और जनहित से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे। पार्षदों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, लंबित कार्यों को गति देने और वार्ड स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के समाधान को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
महापौर रवि राउत ने कहा कि बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने सुझाव और समस्याएं रखीं, जिन पर विचार-विमर्श के बाद आवश्यक निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शहरवासियों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर निगम आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए निगम परिवार पूरी निष्ठा के साथ लगातार काम कर रहा है।
बैठक में उपमहापौर टिप चटर्जी, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद, विभागीय अधिकारी और निगमकर्मी
उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

