एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयाेजित
रामगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक इस्तेमाल से बढ़ते खतरे और एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (एएमआर) की रोकथाम को लेकर शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीएस डॉ अनिल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में जिले के 30 निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम के संस्थापक और संचालकों ने भाग लिया। इसमें एंटीबायोटिक दवाओं के सुरक्षित, उचित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
विश्व एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के तहत आयोजित प्रशिक्षण में बताया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और गलत इस्तेमाल बैक्टीरिया को दवाओं के प्रति प्रतिरोधी बना रहा है। इससे सामान्य संक्रमणों का उपचार भी मुश्किल हो सकता है। इस चुनौती से निपटने के लिए चिकित्सकों, स्वास्थ्य संस्थानों और आम नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी है।
प्रशिक्षण में स्पष्ट किया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन चिकित्सकीय परामर्श और निर्धारित पर्ची के आधार पर ही करना चाहिए। चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं का पूरा कोर्स करना जरूरी है। लक्षणों में सुधार होने पर भी दवा बीच में बंद नहीं करनी चाहिए। बची हुई एंटीबायोटिक दवाएं दूसरों को देना या किसी अन्य की दवा स्वयं लेना स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है।
प्रतिभागियों को बताया गया कि एंटीबायोटिक दवाएं बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण में प्रभावी होती हैं, जबकि सामान्य सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसे वायरल संक्रमणों में इनका लाभ नहीं मिलता। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में संक्रमण से बचाव के लिए हाथों की नियमित सफाई, साबुन-पानी से हाथ धोने और स्वच्छता मानकों का पालन करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम संचालकों को अपने संस्थानों में एंटीबायोटिक दवाओं का तर्कसंगत उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों का पालन, दवाओं का विवेकपूर्ण इस्तेमाल और संक्रमण नियंत्रण के उपाय एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध की रोकथाम के लिए आवश्यक हैं। साथ ही प्रशिक्षण में दिए गए संदेशों को स्वास्थ्यकर्मियों, मरीजों और आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

