जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वेलफेयर हेल्प डेस्क बनाने का दिया निर्देश
रांची, 18 फ़रवरी (हि.स.)। जिला प्रशासन की ओर से नगरपालिका चुनाव के तहत मतगणना कार्य सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने ट्रांसपोर्ट नगर में बनाये गये मतगणना स्थल का निरीक्षण कर चल रही तैयारियों की समीक्षा की। मौके पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया। उन्होंतने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में मेयर और 53 वार्डों के पार्षद पद के लिए और बुंडू नगर पंचायत अंतर्गत अध्यक्ष और 13 वार्ड सदस्यों के लिए मतगणना की व्यवस्था की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतगणना हॉल की संरचना, टेबलों की क्रमवार व्यवस्था, वार्डवार मतगणना कक्ष निर्धारण, बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था, प्रत्याशियों और उनके अधिकृत अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था, मीडिया कक्ष, कंट्रोल रूम एवं वेटिंग एरिया की तैयारियों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया गया कि मतगणना प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्रवेश द्वारों पर सघन जांच की व्यवस्था करने और केवल वैध पासधारियों को ही प्रवेश देने का निर्देश दिया। दंडाधिकारियों और पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के साथ-साथ पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिया गया।
इसके अलावा उन्हाेंने मतपेटियों के सुरक्षित भंडारण के लिए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, सीलिंग की प्रक्रिया, प्रकाश और विद्युत आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता तथा साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी जरूरी निर्देश दिया।
इधर, एसएसपी राकेश रंजन ने मतगणना स्थल पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने के निर्देश दिया।
इस अवसर पर उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कुमार रजत, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी-सह-पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

