home page

रांची में ‘नमो स्टॉल’ योजना की शुरुआत, फल-सब्जी विक्रेताओं को मिले निःशुल्क स्टॉल और तौल मशीन

 | 
रांची में ‘नमो स्टॉल’ योजना की शुरुआत, फल-सब्जी विक्रेताओं को मिले निःशुल्क स्टॉल और तौल मशीन


रांची में ‘नमो स्टॉल’ योजना की शुरुआत, फल-सब्जी विक्रेताओं को मिले निःशुल्क स्टॉल और तौल मशीन


रांची, 28 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से फुटपाथ पर फल और सब्जी बेचने वाले विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मंगलवार को रांची में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रयास से “नमो स्टॉल” वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर रांची के फल एवं सब्जी विक्रेताओं को निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए। स्टॉल प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। प्रथम चरण में पांच विक्रेताओं को स्टॉल के साथ-साथ सब्जी और फल तौलने की मशीन भी दी गई, जिससे उनके व्यवसाय को अधिक व्यवस्थित और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने लाभार्थियों को स्टॉल वितरित किए। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गरीब का दर्द गरीब ही समझ सकता है और संजय सेठ एक संवेदनशील सांसद हैं। उनकी यह पहल न केवल सराहनीय है, बल्कि इससे रांची के फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले भाई-बहनों को सुविधा मिलेगी और उनके काम को नई गति प्राप्त होगी।

प्रदेश भाजपा के महामंत्री सह पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने भी रक्षा राज्य मंत्री की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे सड़क किनारे सब्जी बेचने वालों का जीवन सुगम होगा और उनके रोजगार को स्थिरता मिलेगी।

इस अवसर पर संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा कहते हैं कि रेहड़ी-पटरी वाले हमारे शहरी अर्थतंत्र की रीढ़ हैं। उनका सशक्त होना शहरों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्टॉल की लागत लगभग 50 हजार रुपये है और प्रथम चरण में पांच लाभार्थियों को यह सुविधा प्रदान की गई है। आने वाले समय में रांची के विभिन्न क्षेत्रों में और भी स्टॉल वितरित किए जाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि इस पहल का उद्देश्य महानगरों की तर्ज पर रांची में भी गली-मोहल्लों तक फल एवं सब्जी विक्रेताओं की सुलभ पहुंच सुनिश्चित करना, शहर को स्वच्छ बनाए रखना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है। इसके लिए विक्रेताओं की एक विस्तृत सूची तैयार की जा रही है, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।

कार्यक्रम में विधायक सीपी सिंह, प्रदेश भाजपा के मंत्री योगेंद्र प्रताप और अमित कुमार, मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू सहित भाजपा के कई नेता, कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रथम चरण में स्टॉल प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में मेट्रो गली के राकेश कुमार वर्मा, मधुकम चौक के अरविंद कुमार जायसवाल, कटहल मोड़ की मालती देवी, चुटिया की अनीता देवी और करमटोली चौक के राजेश टोप्पो शामिल हैं। इस योजना से इन छोटे व्यवसायियों को न केवल सम्मानजनक कार्यस्थल मिलेगा, बल्कि उनकी आय और जीवन स्तर में भी सुधार की उम्मीद है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे