home page

विधानसभा परिसर में सैलरी अकाउंट सुविधाओं पर प्रस्तुतीकरण

 | 
विधानसभा परिसर में सैलरी अकाउंट सुविधाओं पर प्रस्तुतीकरण


रांची, 05 फ़रवरी (हि.स.)। बैंक ऑफ इंडिया की ओर से राज्य सरकार के नियमित, संविदा और पेंशनधारी कर्मचारियों को समर्पित विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से झारखंड विधानसभा परिसर स्‍थ‍ित सेंट्रल हॉल में गुरूवार को झारखंड सरकार के साथ हाल में किए गए समझौता (एमओयू) के तहत एक विस्तृत प्रस्तुति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों के कर्मचारियों को वेतन खाते (सैलरी अकाउंट) से जुड़ी सुविधाओं और बीमा उत्पादों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रस्तुति के दौरान दुर्घटना बीमा, टर्म इंश्योरेंस, चिकित्सा बीमा सहित अन्य बैंकिंग सेवाओं पर प्रकाश डाला गया, जिससे कर्मचारियों को सुरक्षित और समग्र वित्तीय संरक्षण उपलब्ध हो सके।

विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी विज्ञप्‍त‍ि के माध्‍यम से बताया गया कि कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने बैंक की ओर से दी जा रही सुविधाओं में गहरी रुचि दिखाई।

बैंकिंग संबंधित विभ‍िन्‍न पहलुओं पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

इस अवसर पर खास तौर पर बैंक ऑफ इंडिया की ओर से कार्यक्रम का नेतृत्व अजय कुमार पाण्डेय, सहायक महाप्रबंधक, एफजीएमओ रांची तथा बनिता मोहापात्रा, उप अंचल प्रबंधक, रांची अंचल ने किया।

कार्यक्रम में मुख्‍य रूप से झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, सदस्य रामचंद्र सिंह, प्रभारी सचिव झारखंड विधानसभा रंजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar