home page

थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों में खून की कमी दूर करने पर चर्चा

 | 
थैलेसीमिया और सिकल सेल मरीजों में खून की कमी दूर करने पर चर्चा


लोहरदगा, 06 अप्रैल (हि.स.)। इमरजेंसी केयर संस्था की ओर से ब्लड डोनेशन लैंडस्केप पर लोहरदगा में स्टेट कॉन्फ्रेंस का आयोजन साेमवार काे किया गया।

इस दौरान खास तौर पर अस्पतालों और ब्लड बैंक में खून की कमी नहीं होने दिए जाने जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, थैलेसीमिया-सिकल सेल जैसे मरीजों की जरूरतों पर ध्यान देने पर जोर दिया गया। यह जानकारी संस्था के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि गुमला के सिविल सर्जन डॉ एसएन चौधरी रहे। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में उप-विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और डॉ शंभूनाथ चौधरी ने संबोधित किया। उन्होंने रक्त की पर्याप्त उपलब्धता, नियमित रक्तदान शिविरों के आयोजन और जिला स्तर पर बेहतर ब्लड बैंक जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास पर जोर दिया। साथ ही थैलेसीमिया और सिकल सेल जैसे मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित रक्त संचार और समन्वय पर भी चर्चा की गई।

सम्मेलन के दौरान गुरु नानक सेवक जत्था, रांची के सूरज झंडई, इनीश काठपाल और रूद्र गिरधर को रक्तदान और प्लेटलेट्स डोनेशन में उत्कृष्ट योगदान के लिए मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस पर गुरु नानक सत्संग सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा, सचिव सुरेश मिड्ढा और मनीष मिड्ढा ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी। इस दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में रक्तदाता और रक्तदान शिविर से जुड़े लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में सजल कुमार, देशराज गोयल, सुधांशु कुमार, वीबीडीए के फाउंडर सुनील मुखर्जी, पारस हॉस्पिटल रांची के डॉ विशाल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar